राज्य आपदा प्रबंधन दिवस पर फायर यूनिट व पुलिस का जागरूकता अभियान धारचूला व मूनाकोट के दो विद्यालयों में 350 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को सिखाए आपदा से बचाव एवं जीवनरक्षा के गुर |

पिथौरागढ़ | राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आज अग्निशमन एवं आपात सेवा केन्द्र धारचूला तथा अग्निशमन एवं आपात सेवा केन्द्र पिथौरागढ़, पुलिस विभाग एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज बलुवाकोट, धारचूला एवं राजकीय इंटर कॉलेज पीपलकोट, मूनाकोट में आपदा प्रबंधन संबंधी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया । मॉक ड्रिल के दौरान दोनों विद्यालयों के अध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं सहित 350 से अधिक प्रतिभागियों को भूकंप एवं अग्निशमन सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं ।

मॉक ड्रिल के दौरान सिखाए गए सुरक्षा एवं जीवनरक्षा के गुर—

🔹 भूकंप के दौरान स्वयं को सुरक्षित रखने, सुरक्षित स्थान पर जाने तथा भवन से सावधानीपूर्वक बाहर निकलने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।

🔹 उपलब्ध संसाधनों से इम्प्रोवाइज्ड स्ट्रेचर का निर्माण कर घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने तथा प्राथमिक उपचार प्रदान करने का अभ्यास कराया गया।

🔹 फायरमैन लिफ्ट, सिंगल हैंड स्ट्रेचर एवं डबल हैंड स्ट्रेचर के बारे में जानकारी दी गई।

🔹 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों एवं प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी गई।

🔹 किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने हेतु आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क करने के लिए जागरूक किया गया।

इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं आमजन को आपदा के प्रति जागरूक करना, आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया के लिए तैयार करना तथा जनहानि को न्यूनतम करना है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *