फेसबुक पर बाल अश्लील सामग्री प्रसारित करने वाला नेपाल मूल का अभियुक्त गिरफ्तार पिथौरागढ़ पुलिस की सटीक कार्रवाई, न्यायालय ने अभियुक्त को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेजा |

पिथौरागढ़ | साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पिथौरागढ़ पुलिस ने फेसबुक के माध्यम से बाल अश्लील सामग्री (Child Sexual Abuse Material-CSAM) प्रसारित करने के गंभीर मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है । प्रकरण में NCMEC Tipline के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना बलुवाकोट में धारा 67B सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह नेगी, कोतवाली जौलजीबी को सौंपी गई । विवेचना के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों एवं तकनीकी विश्लेषण से यह तथ्य सामने आया कि जिस मोबाइल सिम के माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही थी, वह बलुवाकोट निवासी एक महिला के नाम पर पंजीकृत थी, किन्तु उसका उपयोग उसका भाई वीर भान राम लावड (32 वर्ष), निवासी उड़ई, वार्ड नं. 09, आंचल महाकाली, थाना दार्चुला, जनपद दार्चुला, नेपाल द्वारा किया जा रहा था, जो वर्तमान में बलुवाकोट में रह रहा था । जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि अभियुक्त द्वारा फेसबुक के माध्यम से बाल अश्लील सामग्री विभिन्न व्यक्तियों को भेजी एवं प्रसारित की जा रही थी। पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर अभियुक्त का नाम विवेचना में सम्मिलित किया गया । आज दिनांक 04 अगस्त 2026 को प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह नेगी, एसओ बलुवाकोट श्रीमती नीमा बोहरा मय टीम द्वारा अभियुक्त को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। माननीय न्यायालय द्वारा अभियुक्त को 14 दिवस की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *