पिथौरागढ़| कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता एवं सूझबूझ से एक भटकी हुई महिला को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया गया । डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि जजुराली क्षेत्र में रात्रि के समय एक अज्ञात महिला अकेले घूम रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक ललित डंगवाल महिला पुलिस कर्मियों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने महिला से बातचीत की, किन्तु वह मानसिक रूप से अत्यधिक परेशान प्रतीत हो रही थी तथा अपना नाम-पता बताने में असमर्थ थी । महिला की सुरक्षा एवं देखभाल को प्राथमिकता देते हुए पुलिस द्वारा उसे वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित रखा गया। साथ ही उसकी पहचान एवं परिजनों की तलाश हेतु आवश्यक प्रयास प्रारम्भ किए गए। पुलिस द्वारा महिला का विवरण एवं फोटो आसपास के जनपदों में साझा किए गए, जिसके आधार पर जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त महिला के संबंध में थाना खटीमा में गुमशुदगी दर्ज है । इसके उपरांत पिथौरागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला के परिजनों से संपर्क स्थापित किया तथा उन्हें पिथौरागढ़ बुलाया। आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के बाद महिला को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया ।
मानवीय संवेदनशीलता का परिचय : कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस ने भटकी महिला को परिजनों से मिलाया |
















Leave a Reply