15 वर्षीय गुमशुदा किशोर को काठगोदाम पुलिस ने महज कुछ घंटों में सकुशल किया बरामद ।

नैनीताल | एस.एस.पी. नैनीताल डॉ मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में काठगोदाम पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही से एक 15 वर्षीय गुमशुदा किशोर को महज कुछ घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

*घटना का विवरण-*

शिकायतकर्ता हरीश लाल पुत्र स्व० राम लाल निवासी गुसाँई चौराहा, कुमाऊँ कॉलोनी, दमुवाढूंगा द्वारा रात्रि लगभग 00:30 बजे चौकी दमुवाढूंगा पर सूचना दी गई कि उनका 15 वर्षीय पुत्र युवराज उर्फ साहिल* शाम लगभग 4:30 बजे ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा  । सूचना प्राप्त होते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान द्वारा तत्काल गंभीरता से कार्रवाई करते हुए गुमशुदा की तलाश हेतु पुलिस टीम गठित की गई । सभी को तत्काल प्रभाव से सक्रिय किया गया । समन्वित रूप से गुमशुदा की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन, रेलवे स्टेशन, टैक्सी स्टैंड, बस स्टेशन सहित संभावित स्थानों पर लगातार तलाश एवं सुरागरसी-पतारसी की गई । पुलिस के त्वरित प्रयासों के परिणामस्वरूप आज प्रातः लगभग 10:45 बजे गुमशुदा किशोर को रोडवेज बस स्टेशन, हल्द्वानी से सकुशल बरामद कर लिया गया ।

*काउंसिलिंग में हुआ खुलासा-*

गुमशुदा किशोर एवं उसके परिजनों की काउंसिलिंग किए जाने पर बालक ने बताया कि दिन में मां द्वारा डांट-फटकार लगाने से वह नाराज होकर अपने एक मित्र के घर चला गया था । अगले दिन वह बस से दिल्ली अथवा गुजरात जाने की योजना बना रहा था तथा यात्रा के लिए अपने कुछ दोस्तों से सोशल मीडिया के माध्यम से पैसों की मदद भी मांग रहा था । इससे पहले कि वह कहीं जा पाता, पुलिस टीम ने उसे सकुशल बरामद कर लिया । काउंसिलिंग के दौरान बालक ने भविष्य में इस प्रकार बिना बताए घर छोड़कर नहीं जाने का आश्वासन* दिया। तत्पश्चात आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर उसे सकुशल उसके माता-पिता की सुपुर्दगी में दे दिया गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *