नैनीताल | विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम* में आयोजित वार्षिक मेले/स्थापना दिवस के अवसर पर सवेरे से ही आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा । बाबा नीब करौरी के दर्शनों के लिए मंदिर परिसर सवेरे से ही श्रद्धालुओं से खचाखच भरा नजर आया। अब तक लगभग 25,000 से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं ।
*सुगम शटल सेवा और चाक-चौबंद यातायात व्यवस्था
मेले में आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए पुलिस–प्रशासन द्वारा सुगम शटल सेवा का सुव्यवस्थित संचालन किया जा रहा है । यातायात को नियंत्रण में रखने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए भवाली स्थित फॉरेस्ट बैरियर पर शटल सेवा का मुख्य स्टॉपेज बनाया गया है । एसएसपी नैनीताल द्वारा पुलिस कर्मियों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं कि फॉरेस्ट बैरियर से आगे कैंची धाम तक सभी श्रद्धालु पैदल ही यात्रा करेंगे, जिससे पैदल चल रहे भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो ।
*एसएसपी ने स्वयं संभाला मोर्चा, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा*
मेले की संवेदनशीलता और भारी भीड़ को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी०सी० स्वयं धरातल पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमान संभाले हुए हैं । एसएसपी द्वारा संपूर्ण मेला क्षेत्र का लगातार जायजा लिया जा रहा है । इसी क्रम में उन्होंने कैंची मेले के लिए विशेष रूप से बनाए गए मुख्य कंट्रोल रूम का आकस्मिक निरीक्षण किया और वहां तैनात कर्मचारियों को हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए । फॉरेस्ट बैरियर और विभिन्न संवेदनशील पॉइंटों का निरीक्षण करते हुए एसएसपी नैनीताल ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को कड़े दिशा-निर्देश दिए हैं । पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस बल को पूरी संवेदनशीलता एवं संपूर्ण सेवा भाव के साथ ड्यूटी करने तथा बुजुर्गों व बच्चों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने के निर्देश दिए गए हैं । मेला क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और श्रद्धालु सुगमता व हर्षोल्लास के साथ बाबा के दर्शन कर रहे हैं ।














Leave a Reply