विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने उत्तराखंड की युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्य की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए उन पर पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवानों की अनदेखी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं । पत्रकारों से वार्ता करते हुए रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेशभर के पीआरडी जवान अपनी मांगों को लेकर आंदोलित हैं, लेकिन विभागीय मंत्री होने के बावजूद रेखा आर्य को उनकी समस्याएं दिखाई नहीं दे रही हैं। नेगी के अनुसार, इन जवानों को साल में केवल चार से पांच महीने ही रोजगार मिल पाता है और इतने कम मानदेय में उनके लिए परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने प्रश्न उठाया कि आखिर इन जवानों को वर्ष भर नियमित काम क्यों नहीं उपलब्ध कराया जा रहा है । इस दौरान नेगी ने मंत्री रेखा आर्य के पति के हालिया बयानों का हवाला देते हुए उन पर करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप भी लगाया। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष का दावा है कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से गरीब महिलाओं और बच्चों को वितरित की जाने वाली खाद्य सामग्री, सूट-साड़ियों और मोबाइल आदि की खरीद में कमीशनखोरी के जरिए यह धनराशि जुटाई गई है। उन्होंने सवाल किया कि 15-20 साल पहले आर्थिक तंगी से जूझने वाली महिला आज करोड़ों की संपत्ति की मालकिन कैसे बन गईं । मोर्चा ने मंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें पीआरडी जवानों को उनका हक और इंसाफ दिलाकर अपने कार्यों का पश्चाताप करना चाहिए। इस पत्रकार वार्ता के दौरान मोर्चा के सदस्य हाजी असद और प्रवीण शर्मा ‘पिन्नी’ भी उपस्थित रहे ।
Leave a Reply