देहरादून । समाधान दिवस में जनपद भर से आए फरियादियों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखी। एडीएम स्मृता परमार और संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह की अध्यक्षता में 110 से अधिक शिकायतें दर्ज हुई । जनसुनवाई में मुख्य रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जे, ग्राम पंचायत की संपत्तियों, विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल से उत्पादित बिजली के बिल में समायोजन से जुड़े मामले सामने आए । ग्राम पंचायत रामपुरकलां के ग्रामीणों ने पीठ बाजार की नीलामी अवधि समाप्त होने के बावजूद प्रत्येक शुक्रवार को कथित अवैध वसूली की शिकायत की। उन्होंने नई नीलामी होने तक वसूली पर रोक लगाने की मांग की। इस पर खंड विकास अधिकारी सहसपुर को जांच के निर्देश दिए गए । मोहिनी रोड निवासी मदनमोहन नेगी ने अपने तीन किलोवाट के सोलर पैनल से ग्रिड में भेजी गई 7165 यूनिट बिजली में से अधिकांश का बिल में समायोजन नहीं होने की शिकायत की । ग्राम शेरपुर की खीमा देवी ने निजी भूमि पर बिना सहमति तीन विद्युत पोल लगाए जाने का मामला उठाया। दोनों मामलों में विद्युत विभाग को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए । परवल-होपटाउन निवासी अमित कुमार सेठी ने अपने आवासीय भूखंड पर कब्जे की शिकायत की, जबकि रामपुरकलां निवासी संतोष पंडित ने भूमि खरीदने के बावजूद कब्जा नहीं मिलने का मामला उठाया। ग्रामीण शम्भू चोपड़ा ने प्राचीन खेड़ा और मंदिर की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की। जिसपर एसडीएम विकासनगर को जांच और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए । मालदेवता स्थित पीपीसीएल में इसी वर्ष 9 सितंबर को हुई घटना में संदेश थापा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के मामले में उनके पिता हरक बहादुर ने निष्पक्ष जांच की मांग की। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने पुलिस क्षेत्राधिकारी रायपुर को संबंधित पक्षों के बयान दर्ज कर निष्पक्ष जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए । मौके पर अपर नगर मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुवांठा, जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, एमडीडीए, विद्युत, सिंचाई, लोनिवि आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे |
जनसुनवाई में 110 शिकायतें दर्ज, निस्तारण के निर्देश |
















Leave a Reply