खोया क्रिकेट बैट ढूंढने थाने पहुंचा मासूम, गोपेश्वर पुलिस ने सीसीटीवी खंगालकर लौटाई चेहरे की मुस्कान, बैट पाकर खिल उठा बच्चे का चेहरा |

गोपेश्वर | खोया क्रिकेट बैट ढूंढने थाने पहुंचा मासूम, गोपेश्वर पलिस ने सीसीटीवी खंगालकर लौटाई चेहरे की मुस्कान, बैट पाकर खिल उठा बच्चे का चेहरा | किसी बच्चे के लिए उसका पसंदीदा क्रिकेट बैट महज एक सामान नहीं, बल्कि उसकी खेल से जुड़ी खुशियों का हिस्सा होता है। ऐसा ही एक मामला आज गोपेश्वर में सामने आया, जब कुंजौ मैकोट निवासी बालक रविन्द्र सिंह बिष्ट का क्रिकेट बैट स्कूटी से जाते समय रास्ते में गिर गया। पीछे से आ रहे एक वाहन चालक ने बैट उठाकर अपने वाहन में रख लिया । अपना बैट खोने से मायूस रविन्द्र मदद की उम्मीद लेकर थाना गोपेश्वर पहुंचा और पुलिस से बैट ढूंढने की गुहार लगाई। बालक की परेशानी को समझते हुए थानाध्यक्ष नवनीत भण्डारी ने तत्काल उसकी मदद करने का निर्णय लिया। पुलिस टीम ने नगर क्षेत्र में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। कैमरों की मदद से बैट उठाकर ले जाने वाले वाहन का पता लगाया गया और लगातार प्रयासों के बाद क्रिकेट बैट को बरामद कर बालक के सुपुर्द कर दिया गया । अपना खोया हुआ बैट वापस पाकर रविन्द्र के चेहरे पर खुशी लौट आई। जिस उम्मीद के साथ वह थाने पहुंचा था, गोपेश्वर पुलिस ने उसे निराश नहीं होने दिया। बैट मिलने पर बच्चे के चेहरे पर आई मुस्कान और उसकी खुशी देखकर पुलिसकर्मियों के चेहरे भी खिल उठे । पुलिस के लिए यह महज एक क्रिकेट बैट की बरामदगी नहीं, बल्कि एक बच्चे की खुशी लौटाने की बात थी। क्योंकि कभी-कभी खाकी की सबसे बड़ी जीत किसी अपराधी की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि किसी मासूम के चेहरे पर लौटी मुस्कान होती है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *