चमोली | 38 साल का लंबा सफर… न जाने कितनी ड्यूटियां, कितनी यादें और कितने उतार-चढ़ाव। इस पूरे सफर में होमगार्ड दौलत राम चचा ने पुलिस के साथ कदम से कदम और कंधे से कंधा मिलाकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। इतने वर्षों में पुलिस महकमा उनके लिए सिर्फ कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार बन गया । दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को कोतवाली गोपेश्वर में आयोजित विदाई समारोह में सेवानिवृत्त हो रहे मूल रुप से गोपेश्वर गाँव निवासी होमगार्ड दौलत राम चचा को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेन्द्र गुंज्याल एवं पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने उन्हें माला पहनाकर, शॉल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं खुशहाल जीवन की कामना की । इस दौरान अधिकारियों ने उनके 38 वर्षों के सेवाकाल को याद करते हुए कहा कि इतने लंबे समय तक पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ पुलिस के साथ खड़े रहना अपने आप में सराहनीय है। उन्होंने हर जिम्मेदारी को अपना समझकर निभाया और हमेशा पुलिस परिवार के एक सदस्य की तरह अपनी भूमिका निभाई । विदाई के इस पल में माहौल भावुक हो उठा। 38 वर्षों तक जिन साथियों के साथ रोजमर्रा की ड्यूटी निभाई, जिनके साथ सुख-दुख साझा किए, उनसे विदा लेना आसान नहीं था। दौलत राम चचा के लिए भी यह पल भावनाओं से भरा रहा । उनकी ड्यूटी का सफर जरूर पूरा हो गया, लेकिन पुलिस परिवार के साथ उनका जुड़ाव कभी खत्म नहीं होगा। वर्दी और ड्यूटी से जुड़ी जिम्मेदारियां भले ही पीछे छूट जाएं, लेकिन 38 वर्षों में कमाया सम्मान, साथियों का स्नेह और अनगिनत यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी ।
38 साल तक पुलिस परिवार का हिस्सा बनकर निभाया साथ, सेवानिवृत्ति पर होमगार्ड दौलत राम चचा को दी गई भावभीनी विदाई |













Leave a Reply