चमोली | श्व मानव तस्करी निषेध दिवस के अवसर पर आज दिनांक 30 जुलाई 2026 को *पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार* के निर्देशन में जनपद चमोली के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेषकर महिलाओं, बच्चों, युवाओं एवं श्रमिक वर्ग को मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के प्रति जागरूक करना तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा । अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा बाजारों, बस अड्डों, टैक्सी स्टैंडों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों से संवाद स्थापित कर मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूपों, उसके दुष्परिणामों तथा अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई । पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को बताया कि नौकरी, शिक्षा, विवाह, बेहतर भविष्य अथवा अधिक आय का झांसा देकर मानव तस्करी करने वाले गिरोह सक्रिय रहते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर दें । अभियान के दौरान नागरिकों को यह भी बताया गया कि यदि कोई बच्चा, महिला अथवा व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में ले जाया जा रहा हो अथवा किसी के साथ जबरन मजदूरी, शोषण या अवैध गतिविधियों की आशंका हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। समय पर दी गई एक सूचना किसी की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है । चमोली पुलिस ने आमजन से अपील की कि मानव तस्करी जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए पुलिस का सहयोग करें, जागरूक रहें तथा दूसरों को भी जागरूक करें। समाज और पुलिस की साझा भागीदारी से ही इस गंभीर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है ।
विश्व मानव तस्करी निषेध दिवस पर जनपद के सभी थानों में चलाया गया व्यापक जागरूकता अभियान, मानव तस्करी के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का लिया संकल्प |
















Leave a Reply