देहरादून | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहले आपदा प्रबंधन दिवस पर चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने पूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कर्मियों को आपदा बचाव प्रशिक्षण देने की घोषणा की। प्रशिक्षित कर्मियों के माध्यम से आमजन को आपदाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा । सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के आपदा प्रबंधन तंत्र को सुदृढ़ बनाने और जनसहभागिता बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले शिक्षण संस्थानों में प्रति एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा । आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को आपदा मानते हुए प्रभावितों को एसडीआरएफ मानकों के अनुसार राहत राशि दी जाएगी। आपदा एवं सड़क दुर्घटनाओं में निस्वार्थ राहत-बचाव करने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा । कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन किया। उन्होंने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य एजेंसियों के समन्वय, विशेषज्ञों के सहयोग और बचाव दलों के अथक प्रयासों से 17 दिनों में सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सीएम ने भूकंप की संवेदनशीलता को देखते हुए मॉक ड्रिल और पूर्व तैयारियों को मजबूत करने पर जोर दिया । मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आपदा प्रभावित अंतिम व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाने को प्राथमिकता बताया। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व चेतावनी प्रणाली और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी । बैठक में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा, भरत सिंह चौधरी, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति उपाध्यक्ष विनय रुहेला, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) रघुवीर सिंह भंडारी, प्रमुख सचिव डॉ आर. मीनाक्षी सुन्दरम, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ आदि मौजूद रहे ।
आपदा प्रबंधन होगा और मजबूत, सीएम ने की चार घोषणाएं |















Leave a Reply