बागेश्वर । संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा घोषित अंतर्राष्ट्रीय बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस तथा भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा संचालित ‘बाल विवाह मुक्त अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तहसील बागेश्वर में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं सामूहिक शपथ समारोह का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने तथा किसी भी बाल विवाह में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल न होने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 (PCMA) के कड़े प्रावधानों की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका और 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह कानूनन दंडनीय अपराध है। इसका उल्लंघन करने या इसमें सहयोग करने वाले व्यक्तियों को 2 वर्ष तक का कठोर कारावास अथवा 1 लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों दंड भुगतने पड़ सकते हैं । बाल विवाह से बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए सभी अभिभावकों से बेटियों की उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता देने की अपील की गई ।
आमजन से अपील:
तहसील प्रशासन एवं बागेश्वर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा *आमजन से अपील की गई है कि यदि उनके आस-पास कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी प्राप्त हो, तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, आपातकालीन नंबर डायल 112, बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल (stopchildmarriage.wcd.gov.in) अथवा नजदीकी तहसील/थाना प्रशासन को सूचित करें।* सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी ।
















Leave a Reply