हमकुंड साहिब से माँ नन्दा की यात्रा तक चमोली की चुनौतियों में निभाई हर जिम्मेदारी, विदाई पर यादों का कारवां लेकर टिहरी रवाना हुए निरीक्षक नरेन्द्र रावत |

चमोली | सरकारी सेवा में स्थानांतरण एक प्रक्रिया है, लेकिन कुछ कार्यकाल ऐसे होते हैं जो अपनी यादों, अनुभवों और उपलब्धियों के कारण हमेशा याद रह जाते हैं। कुछ ऐसा ही रहा निरीक्षक नरेन्द्र रावत का जनपद चमोली में बिताया गया लगभग आठ वर्षों का सफर | पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार की उपस्थिति में उन्हें जनपद टिहरी स्थानांतरण पर भावभीनी विदाई दी गई । वर्ष 2018 में जनपद चमोली में नियुक्त हुए निरीक्षक नरेन्द्र रावत ने अपने सेवाकाल के दौरान *कोतवाली कर्णप्रयाग, कोतवाली ज्योतिर्मठ, थाना गोविन्दघाट, थाना नन्दानगर एवं चुनाव सेल* में अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान थाना गोविन्दघाट एवं थाना नन्दानगर में प्रभारी निरीक्षक के रूप में उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं और कई बड़े आयोजनों के सफल संचालन में अपनी भूमिका निभाई।

*हेमकुंड साहिब यात्रा से लेकर ऐतिहासिक माँ नन्दा देवी जात यात्रा तक…*

थाना गोविन्दघाट में प्रभारी रहते हुए उन्होंने विश्व प्रसिद्ध श्री हेमकुंड साहिब यात्रा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित सम्पन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और हजारों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखना एक बड़ी चुनौती थी, जिसका उन्होंने जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया । वहीं, थाना नन्दानगर में तैनाती के दौरान वर्ष 2026 की ऐतिहासिक माँ नन्दा देवी जात यात्रा के सफल एवं सकुशल संपादन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। धार्मिक आस्था, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता वाले इस आयोजन में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उन्होंने पूरी निष्ठा से अपने दायित्व निभाए । इसके अतिरिक्त चुनाव सेल प्रभारी के रूप में उन्होंने *लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों* को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल सम्पन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में तैनाती के दौरान उन्होंने परिस्थितियों के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली में अपना योगदान दिया । विदाई समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने निरीक्षक नरेन्द्र रावत को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसपी चमोली एवं उपस्थित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सेवाकाल के दौरान किए गए कार्यों, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण की सराहना की । एसपी चमोली ने कहा कि पुलिस सेवा में स्थानांतरण एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। हर नई तैनाती अपने साथ नई चुनौतियां और जिम्मेदारियां लेकर आती है । निरीक्षक नरेन्द्र रावत ने जनपद चमोली में अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उच्च मनोबल एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं जनपद टिहरी में नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन हेतु शुभकामनाएं दीं ।

*यादें चमोली की…और नई जिम्मेदारियों का सफर टिहरी में*

इस अवसर पर निरीक्षक नरेन्द्र रावत भी जनपद में बिताए अपने कार्यकाल की यादें साझा करते हुए भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि जनपद चमोली में बिताया गया समय उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। यहां के उच्चाधिकारियों से प्राप्त मार्गदर्शन एवं साथी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से मिले सहयोग ने उन्हें अपने दायित्वों के निर्वहन में सदैव प्रेरित किया। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां से मिले अनुभव और अपनापन हमेशा उनके साथ रहेंगे । जनपद चमोली पुलिस परिवार की ओर से निरीक्षक नरेन्द्र रावत को भावभीनी विदाई देते हुए उनके नए कार्यक्षेत्र जनपद टिहरी में सफल एवं सुखद सेवाकाल की शुभकामनाएं दी गईं । इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा व अन्य मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *