टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद में अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से टिहरी पुलिस द्वारा निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं । इसी क्रम में थाना हिंडोलाखाल पुलिस द्वारा थाना परिसर में क्षेत्र के समस्त ग्राम प्रहरियों की एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई । गोष्ठी के दौरान ग्राम प्रहरियों को उनके दायित्वों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए गांवों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ।
*_गोष्ठी में ग्राम प्रहरियों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए—_*
1.बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन:
ग्राम प्रहरियों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने गांवों में आने वाले बाहरी व्यक्तियों, मकान मालिकों द्वारा रखे गए किरायेदारों, फड़-ठेली संचालकों एवं बाहरी श्रमिकों की जानकारी एकत्रित कर उनका शत-प्रतिशत पुलिस सत्यापन सुनिश्चित कराने में सहयोग करें, ताकि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों पर समय रहते नजर रखी जा सके।
2.महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित सूचना:
महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम एवं महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्देशित किया गया कि गांव में महिलाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल थाना हिंडोलाखाल पुलिस को सूचित करें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
3.शस्त्र लाइसेंस धारकों का सत्यापन एवं संदिग्ध तत्वों पर निगरानी:
ग्राम प्रहरियों को अपने-अपने गांवों में निवासरत शस्त्र लाइसेंस धारकों एवं उनके लाइसेंसी असलहों का सत्यापन कराने में सहयोग करने तथा गांव में सक्रिय शरारती एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए उनके संबंध में आवश्यक सूचनाएं पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
4.पुलिस एवं ग्राम प्रहरियों के बीच बेहतर समन्वय:
प्रत्येक हल्का प्रभारी एवं बीट अधिकारी को ग्राम प्रहरियों के साथ निरंतर संपर्क एवं समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधों की रोकथाम के लिए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई समय से सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
गोष्ठी के दौरान ग्राम प्रहरियों को बताया गया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांवों में होने वाली छोटी-बड़ी घटनाओं, संदिग्ध गतिविधियों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों की जानकारी समय पर पुलिस तक पहुंचाकर अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
टिहरी पुलिस की अपील:
जनपद के समस्त ग्रामवासियों से अपील है कि अपने यहां रहने वाले किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों एवं श्रमिकों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना पुलिस को दें।
टिहरी पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।















Leave a Reply