हत्या की झूठी सूचना देकर पुलिस एवं अन्य विभागों को किया गुमराह, जांच में खुली पोल; आरोपी गिरफ्तार |

चम्पावत | रात्रि लगभग 21:19 बजे डायल 112 पर नवल किशोर पुजारी पुत्र स्वर्गीय त्रिलोचन पुजारी, निवासी ग्राम सुई खेशकाण्डे, थाना लोहाघाट, जनपद चम्पावत द्वारा सूचना दी गई कि उसके भाई की किसी व्यक्ति ने गला काटकर हत्या कर दी है। कॉलर ने स्वयं घटना होते हुए देखने तथा हत्यारे को पहचानने का दावा भी किया । उक्त गंभीर सूचना पर थाना लोहाघाट पुलिस तत्काल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग, 108 एम्बुलेंस, फील्ड यूनिट एवं साइबर सेल की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं । पुलिस द्वारा घटनास्थल पर जांच-पड़ताल एवं पूछताछ करने पर पाया कि जिस व्यक्ति की हत्या होने की सूचना दी गई थी, वह व्यक्ति लोहाघाट से दिल्ली जा रहा था । संबंधित व्यक्ति से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क कर सत्यापन करने पर हत्या की सूचना पूरी तरह झूठी एवं भ्रामक पाई गई । पुलिस को झूठी सूचना देकर गुमराह करने, पुलिस एवं अन्य आपातकालीन विभागों के बहुमूल्य संसाधनों को अनावश्यक रूप से व्यस्त करने तथा आमजन में भय एवं सनसनी फैलाने के आरोप में कॉलर नवल किशोर पुजारी को धारा 172 बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया ।

जनपद पुलिस की अपील

चम्पावत पुलिस आमजन से अपील करती है कि डायल 112 एक महत्वपूर्ण आपातकालीन सेवा है, जिसका उपयोग केवल वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में ही करें । झूठी अथवा भ्रामक सूचना देकर पुलिस एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं को गुमराह न करें। ऐसा कृत्य दंडनीय है तथा इसके लिए कानूनी कार्यवाही एवं जेल की सजा भी हो सकती है । आपकी एक झूठी सूचना किसी वास्तविक जरूरतमंद की मदद में देरी का कारण बन सकती है। आपातकालीन सेवाओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *