वर्ष 1984 में शुरू हुआ सेवा का सफर 31 अक्टूबर 2026 को हुआ पूरा, साथियों ने नम आंखों से दी विदाई |

कर्णप्रयाग | पुलिस चौकी गौचर में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल की उपस्थिति में अधिवर्षता आयु पूर्ण होने पर होमगार्ड रामरखा के सम्मान में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके साथ बिताए वर्षों की यादें साझा कीं । वर्ष 1984 में होमगार्ड के रूप में शुरू हुआ रामरखा का सेवा सफर आज 42 वर्षों बाद पूरा हुआ। इन वर्षों में उन्होंने अनेक परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए विभाग के प्रति निष्ठा, अनुशासन और समर्पण की मिसाल पेश की। ड्यूटी के दौरान बिताए अनगिनत पल, साथियों के साथ काम का अनुभव और विभाग से जुड़ी यादें उनके सेवाकाल की अनमोल पूंजी रहेंगी । इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल ने उनके लंबे सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि वर्दी में बिताया गया हर दिन अपने आप में एक जिम्मेदारी और सेवा का अवसर होता है। 42 वर्षों तक पूरी निष्ठा से इस जिम्मेदारी को निभाना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति केवल सेवा का औपचारिक समापन है, विभाग के साथ बना आत्मीय रिश्ता हमेशा कायम रहेगा। उन्होंने रामरखा के स्वस्थ, सुखद एवं खुशहाल जीवन की कामना की और भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा रहेगा । समारोह के दौरान साथियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। आज एक जिम्मेदारी से भरे सेवाकाल का समापन जरूर हुआ, लेकिन वर्षों में बने रिश्ते और साझा यादें हमेशा इस पुलिस परिवार का हिस्सा रहेंगी । इस अवसर पर वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय नेगी, चौकी प्रभारी गौचर मानवेंद्र सिंह गुसाँई, कोतवाली कर्णप्रयाग एवं चौकी गौचर का पुलिस स्टाफ तथा रामरखा के परिजन मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *