सुरक्षित बचपन अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को किया जागरूक पिथौरागढ़ पुलिस एवं न्यायिक विभाग की संयुक्त पहल, POCSO अधिनियम सहित बाल अधिकारों की दी जानकारी |

पिथौरागढ़ | बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं उन्हें लैंगिक अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ पुलिस एवं न्यायिक विभाग द्वारा संयुक्त रूप से “सुरक्षित बचपन अभियान” का शुभारम्भ किया गया है। अभियान के तहत जनपद के स्कूलों एवं कॉलेजों में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), 2012 तथा बाल अधिकारों के संबंध में जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं । इसी क्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट पिथौरागढ़ कम्पना तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट पिथौरागढ़ शिव सिंह की अध्यक्षता में पिथौरागढ़ पुलिस की एएचटीयू टीम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/पीएलए के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास, पिथौरागढ़ तथा हिमालया पब्लिक स्कूल, पिथौरागढ़ में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । कार्यक्रम के दौरान एएचटीयू टीम के अपर उपनिरीक्षक प्रेम बल्लभ छिम्वाल, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार एवं कांस्टेबल रणवीर कम्बोज सहित संबंधित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों द्वारा छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, बच्चों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों, POCSO अधिनियम के प्रावधानों तथा ऐसे अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में जानकारी दी गई । साथ ही बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण अथवा उत्पीड़न की स्थिति में बिना किसी भय के अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने तथा समय पर सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *