रुद्रप्रयाग | पवित्र श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस धरातल पर पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रही है। यात्रा मार्ग पर पर्वतीय क्षेत्र की शांति व्यवस्था बनाए रखने और आम जनमानस की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा जनपद स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर चालानी कार्यवाही की गई, वहीं नियमों का पालन करने वाले श्रद्धालुओं का हौसला बढ़ाया गया।
यात्रा के दौरान दुपहिया वाहनों से ओरिजिनल साइलेंसर हटाकर तेज आवाज निकालने (पटाखे फोड़ने), ट्रिपल राइडिंग करने और स्टंटबाज़ी की शिकायतों पर पुलिस ने कड़ा संज्ञान लिया। ऐसे कृत्यों से न केवल यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही थी, बल्कि स्थानीय नागरिकों, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और मरीजों को भी गंभीर ध्वनि प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा था। कांवड़ यात्रा की पवित्रता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए जनपद के सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों, कोतवाली क्षेत्रों और यात्रा मार्गों पर पुलिस टीमों द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। कार्यवाही के दौरान स्वयं पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुण्डीर सम्बन्धित कोतवाली प्रभारियों के साथ धरातल पर मौजूद रहे। दिन भर चले सघन चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए मोटर वाहन अधिनियम (M.V. Act) के तहत 190 चालान तथा उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत 60 चालान किए गए। इस प्रकार अभियान के दौरान पुलिस द्वारा कुल 250 चालानी कार्यवाही की गई । कड़ी कार्यवाही के साथ-साथ चेकिंग के दौरान पुलिस का एक सराहनीय और मानवीय चेहरा भी देखने को मिला। आश्चर्यजनक रूप से देखा गया कि यात्रा मार्ग पर कतिपय श्रद्धालु एवं वाहन चालक हेलमेट पहनकर तथा यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करते हुए पाए गए, पुलिस अधिकारियों ने उनकी पीठ थपथपाकर उनका आभार व्यक्त किया और उत्साहवर्धन किया ।
आस्था का है सम्मान, अव्यवस्था पर लगी लगाम : रुद्रप्रयाग पुलिस ने कांवड़ यात्रा में यातायात और शांति व्यवस्था हेतु चलाया सघन चेकिंग अभियान ।















Leave a Reply