सोनप्रयाग पुलिस की त्वरित कार्यवाही, यात्री का ₹95,000 नकद और सामान से भरा बैग सकुशल कराया बरामद |

रुद्रप्रयाग | श्री केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर तैनात रुद्रप्रयाग पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता और सुविधा के लिए निरंतर तत्परता से कार्य कर रही है । इसी क्रम में सोनप्रयाग-गौरीकुंड मार्ग पर शटल सेवा वाहन में यात्रा कर रहे एक श्रद्धालु का बैग वाहन में ही छूट गया था। बैग में यात्री के ₹95,000 नकद, एक मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे । ​घबराए यात्री ने तत्काल कोतवाली सोनप्रयाग पहुँचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कोतवाली सोनप्रयाग में नियुक्त कांस्टेबल रवींद्र सिंह, कांस्टेबल प्रदीप बिष्ट और होमगार्ड रितिक पंत ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्यवाही शुरू की। पुलिस टीम ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और शटल सेवा टैक्सी यूनियन के सहयोग से उक्त वाहन और चालक की पहचान कर ली । ​अपनी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए पुलिस टीम ने महज़ कुछ ही घंटों में यात्री का छूटा हुआ बैग सुरक्षित बरामद कर लिया। बैग में रखी पूरी धनराशि और सारा सामान सुरक्षित पाकर श्रद्धालु के चेहरे पर खुशी लौट आई । पुलिस की इस तत्परता, ईमानदारी और सहयोगात्मक रवैये के लिए श्रद्धालु यात्री ने रुद्रप्रयाग पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उनका आभार व्यक्त किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *