एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में नशामुक्त टिहरी की ओर बढ़ते कदम: जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीणों, व्यापारियों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया प्रतिभाग, नशामुक्त समाज की शपथ ।

टिहरी | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” के अंतर्गत थाना लंबगांव एवं कोतवाली कैम्पटी पुलिस द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में व्यापक नशा मुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । इन कार्यक्रमों में लंबगांव बाजार तथा जागधार (नैनबाग) क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया | कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा उपस्थित लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी इस सामाजिक बुराई से बचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं । इस अवसर पर पुलिस टीमों द्वारा नशा मुक्ति से संबंधित जागरूकता पम्पलेट एवं प्रचार सामग्री वितरित की गई, जिनमें नशे के दुष्प्रभाव, कानूनी प्रावधान तथा नशामुक्त समाज निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश अंकित थे। उपस्थित लोगों से इन संदेशों को अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने की अपील की गई । कार्यक्रमों के दौरान NDPS Act के अंतर्गत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री, भंडारण एवं सेवन से संबंधित कठोर कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाती है। पुलिस ने आमजन से अपील की कि नशे के कारोबार अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी | कार्यक्रमों के समापन पर ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं पुलिस कर्मियों ने सामूहिक रूप से नशे से दूर रहने तथा अपने गांव, क्षेत्र एवं जनपद को नशामुक्त बनाने की शपथ ली। सभी ने समाज में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने एवं युवाओं को इस बुराई से बचाने का संकल्प भी लिया ।

टिहरी पुलिस का संदेश—
“नशे से दूरी ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज की पहचान है। आइए, सभी मिलकर नशामुक्त उत्तराखंड एवं नशामुक्त टिहरी के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।”

मीडिया सेल
पुलिस कार्यालय,
टिहरी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *