ऊधम सिंह नगर | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति द्वारा जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों और समस्त थाना प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। आगामी दिनांक 14 जून 2026 को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय पदों की लिखित परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए जनपद ऊधम सिंह नगर में सुरक्षा और सतर्कता के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं । जनपद में कुल 55 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 55 मजिस्ट्रेट नियुक्त किये गए हैं। परीक्षा को सकुशल, पारदर्शी व निष्पक्ष संपन्न करने हेतु एसएसपी द्वारा निम्न आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए:
समय से ड्यूटी पर आगमन:* परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय से पहले अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर अनिवार्य रूप से पहुंचना सुनिश्चित करेंगे। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी । गेट के बाहर सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग (Frisking):* परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट के अंदर कोई चेकिंग या फ्रिस्किंग नहीं की जाएगी; चेकिंग और फ्रिस्किंग का यह पूरा कार्य अनिवार्य रूप से गेट के बाहर ही संपन्न किया जाएगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने वाले सभी परीक्षार्थियों की अत्यंत बारीकी से जांच की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला पुलिस कर्मियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं | बॉडी वॉर्न कैमरों (Body Worn Cameras) से निगरानी:* परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट के बाहर ड्यूटी पर तैनात रहने वाले पुलिसकर्मी अनिवार्य रूप से बॉडी वॉर्न कैमरों के साथ अपनी ड्यूटी करेंगे, ताकि गेट की हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके | परीक्षा कक्षों में जैमर (Jammers) की जांच:* परीक्षा शुरू होने से पूर्व परीक्षा केंद्र परिसर और प्रत्येक परीक्षा कक्ष (Classrooms) की अच्छी तरह से तलाशी और चेकिंग की जाएगी। इसके साथ ही यह विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाएगा कि परीक्षा के प्रत्येक कमरे में जैमर (Jammer) सही तरीके से काम कर रहा है या नहीं । इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज व घड़ियों पर पूर्ण प्रतिबंध:* परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी प्रकार का मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ या अन्य कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति बिल्कुल नहीं होगी। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र के भीतर डिजिटल और एनालॉग दोनों प्रकार की घड़ियाँ ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा ।
*कोचिंग सेंटर रहेंगे बंद:* परीक्षा की गरिमा और गोपनीयता को बनाए रखने के लिए परीक्षा के दिन (14 जून को) जनपद के सभी कोचिंग संस्थान/सेंटर पूरी तरह से बंद रहेंगे। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा | पूर्व के संदिग्धों और अपराधियों पर कड़ी निगरानी:* भर्ती परीक्षाओं में धांधली या पेपर लीक के मामलों में जो लोग पहले जेल जा चुके हैं या पूर्व के पेपर लीक प्रकरणों में जिनके नाम अभियुक्त के रूप में प्रकाश में आए हैं, उन सभी पर अत्यंत सतर्क दृष्टि रखी जाएगी। स्थानीय पुलिस और खुफिया तंत्र (LIU) द्वारा उनकी गतिविधियों पर लगातार पैनी नजर रखी जाएगी । सुगम ट्रैफिक व्यवस्था:*
परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र पर आते समय और परीक्षा समाप्ति के दौरान यातायात व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखा जाएगा, ताकि परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े | ऊधम सिंह नगर पुलिस परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि कोई भी उपद्रवी तत्व, नकल माफिया या सॉल्वर गैंग परीक्षा की मर्यादा को भंग करने या परीक्षार्थियों को गुमराह करने का प्रयास करेगा, तो उसके विरुद्ध तत्काल अत्यंत कठोर विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी ।
















Leave a Reply