चारधाम यात्रा–2026 के मद्देनज़र सीओ द्वारा बड़कोट कोतवाली का आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश ।

उत्तरकाशी | चारधाम यात्रा–2026 के आगामी पीक को देखते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा द्वारा कोतवाली बड़कोट का आकस्मिक निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट ने थाना कार्यालय, मालखाना, सीसीटीएनएस कंप्यूटर कक्ष, महिला हेल्प डेस्क एवं कर्मचारी भोजनालय का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालय में नियुक्त कर्मचारियों को सभी अभिलेखों एवं सूचनाओं को अद्यतन रखने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके । चारधाम यात्रा के दृष्टिगत सीओ बड़कोट ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि थाने में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगन्तुकों के साथ शालीन एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना व निस्तारित किया जाए, जिससे यात्रा को सरल, सुरक्षित एवं सुगम बनाया जा सके । बीट कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर सक्रिय रहने, किसी भी प्रकार के आपसी विवाद, लड़ाई-झगड़े अथवा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर तत्काल निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखते हुए क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया । चारधाम यात्रा–2026 के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए थाना क्षेत्र में निवासरत बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने तथा बड़कोट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *