गंगोत्री | चारधाम यात्रा–2026 के दौरान श्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन हेतु पहुँच रहे हैं। यात्रियों की यात्रा को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में कार्य कर रही है । यात्रा व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी हेतु वरिष्ठ अधिकारी लगातार फील्ड में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार द्वारा गंगोत्री धाम एवं यात्रा मार्ग का स्थलीय दौरा कर ड्यूटिरत पुलिस एवं एसडीआरएफ जवानों की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया ।
🔹 घाटों पर विशेष सतर्कता के निर्देश
🔹 लाउडहेलर के माध्यम से जेबकतरों के प्रति लगातार जागरूकता अभियान
🔹 भीड़ नियंत्रण एवं संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी द्वारा मौके पर मौजूद जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें विषम भौगोलिक परिस्थितियों में अधिक सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए । आगामी यात्रा पीक को देखते हुए संकरे एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया । भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर यात्रा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया गया। साथ ही सभी यात्रियों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई, ताकि यात्रा सुचारु एवं सुरक्षित बनी रहे ।
उत्तरकाशी पुलिस प्रतिबद्ध है—हर श्रद्धालु की यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुखद बनाने के लिए |
















Leave a Reply