केदारनाथ धाम यात्रा पर आए बिछड़े परिवार को भीमबली पुलिस ने आधे घंटे में खोजा, परिजनों से मिलाया |

रुद्रप्रयाग | केदारनाथ धाम की यात्रा पर आए एक तीर्थयात्री परिवार के लिए उत्तराखंड पुलिस संकटमोचक साबित हुई । सीजग्राम पश्चिम बंगाल के निवासी चिरंजीत मंडल अपनी पत्नी रिम्पी मंडल और अपने छोटे बालक के साथ बाबा केदार के दर्शन के लिए आ रहे थे। इसी दौरान जंगलचट्टी के पास अचानक उनकी पत्नी और बच्चा भीड़ में कहीं बिछड़ गए । पत्नी का मोबाइल भी पति चिरंजीत मंडल के पास ही रह गया था। हालांकि महिला को मोबाइल नम्बर याद था, लेकिन केदारनाथ मार्ग पर नेटवर्क की समस्या होने के कारण वे अपने पति से सम्पर्क नहीं कर पा रही थीं। इधर चिरंजीत मंडल भी जंगलचट्टी क्षेत्र में काफी देर से अपनी पत्नी और बच्चे को तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल पा रहा था । परेशान पति द्वारा इसकी सूचना चौकी जंगलचट्टी को दी गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए चौकी भीमबली पुलिस तत्काल हरकत में आई और उन्होंने अपने क्षेत्र में युद्धस्तर पर खोजबीन शुरू की। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते कुछ ही समय में महिला और बच्चे को भीमबली क्षेत्र से सकुशल ढूंढ निकाला गया । इसके बाद पुलिस ने महिला और बच्चे को उनके पति चिरंजीत मंडल के सुपुर्द कर दिया। यात्रा के बीच में अपने परिवार को इस तरह सुरक्षित और सकुशल वापस पाते ही चिरंजीत मंडल काफी प्रसन्न हुए और उन्होंने उत्तराखंड पुलिस की मुस्तैदी व सेवा भावना का तहेदिल से आभार प्रकट किया ।

।*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *