बाबा केदार की यात्रा में न करें यातायात नियमों की अनदेखी, रुद्रप्रयाग पुलिस की है पैनी नजर ।

रुद्रप्रयाग | ​श्री केदारनाथ धाम की पावन यात्रा पूरे उत्साह के साथ निरन्तर जारी है और अब तक 1 लाख 80 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शनों को पहुंच चुके हैं। तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या के बीच सड़कों पर वाहनों का दबाव भी काफी बढ़ गया है। जहां एक ओर पुलिस यात्रियों की सुविधा के लिए दिन-रात जुटी है, वहीं दूसरी ओर यातायात नियमों को ताक पर रखने वाले चालकों के खिलाफ अब रुद्रप्रयाग पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है । ​पुलिस द्वारा यात्रा मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों पर शिकंजा कसा जा रहा है जो नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। विशेष रूप से हाईवे पर स्टंटबाजी करने वालों, वाहनों पर अवैध रूप से हूटर बजाने वालों और शीशों पर काली फिल्म चढ़ाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस न केवल चालान काट रही है, बल्कि मौके पर ही अवैध हूटर और काली फिल्म को उतरवाकर चालकों को सख्त हिदायत भी दे रही है । ​रुद्रप्रयाग पुलिस सभी श्रद्धालुओं और चालकों से अपील करती है कि आपकी सुरक्षा ही हमारी प्राथमिकता है। कृपया अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें और मर्यादित होकर यातायात नियमों का पालन करें ताकि आपकी यह आध्यात्मिक यात्रा सुखद और सुरक्षित बनी रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *