केदारनाथ | केदारनाथ धाम की यात्रा पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सहायता और सुरक्षा के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस निरन्तर तत्परता से कार्य कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने मानवता का परिचय देते हुए कर्नाटक से आए एक मासूम बालक को उसके बिछड़े हुए परिजनों से सकुशल मिलवाकर उनके चेहरों पर मुस्कान लौटाई है । कर्नाटक राज्य से अपने परिजनों के साथ श्री केदारनाथ यात्रा पर आया लगभग 9 वर्षीय बालक विश्वनाथ (पुत्र राजू कुंद्राराजी) गौरीकुंड बस अड्डा के समीप अपने परिजनों से बिछड़ गया था। अपने परिवार से अलग होने के कारण बालक घबराकर पास में ही खड़ा होकर रोने लगा। इसी दौरान वहां तैनात पुलिस कर्मियों की नजर रोते हुए बालक पर पड़ी। पुलिस टीम ने तत्काल बालक के पास पहुंचकर उसे ढांढस बंधाया और प्यार से उसका नाम व पता पूछा । बालक द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्र में उसके परिजनों की तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम बालक के परिजनों को ढूंढने में सफल रही। आवश्यक पहचान व औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत बालक विश्वनाथ को उसकी दादी गंगा कुंद्राराजी के सुपुर्द किया गया। अपने लाडले को सकुशल वापस पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए और उन्होंने रुद्रप्रयाग पुलिस की इस सहृदयता व त्वरित कार्यप्रणाली के लिए तहे दिल से आभार व्यक्त किया ।
केदारनाथ यात्रा पर आए बिछड़े बालक को पुलिस ने परिजनों से मिलाया, मानवता की पेश की मिसाल ।












Leave a Reply