सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद: श्री केदारनाथ धाम में बाहरी व नेपाली व्यक्तियों हेतु पुलिस का सघन सत्यापन अभियान जारी |

केदारनाथ | विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ यात्रा को सुगम, सुरक्षित तथा सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु जनपद पुलिस द्वारा धाम एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा घेरा सख्त कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशों के क्रम में केदारनाथ धाम में रह रहे बाहरी व्यक्तियों, नेपाली मूल के श्रमिकों और व्यवसाय करने वाले व्यक्तियों का सघन सत्यापन (Verification) अभियान चलाया जा रहा है।  केदारनाथ यात्रा की संवेदनशीलता को देखते हुए, धाम परिसर और यात्रा मार्ग की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना सत्यापन के रह रहे लोगों का रिकॉर्ड दर्ज करना और किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधियों पर अंकुश लगाना है । चौकी केदारनाथ पुलिस टीम द्वारा केदारनाथ धाम में टैंट, होटल-ढाबों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में जाकर चैकिंग की गई। इस दौरान नेपाली मूल के श्रमिकों और बाहरी व्यक्तियों के पहचान पत्रों (आधार कार्ड, वोटर आईडी आदि) की बारीकी से जांच की गई। बिना सत्यापन के पाए गए व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्यवाही की गई और उन्हें तत्काल सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण करने की सख्त हिदायत दी गई । स्थानीय व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि वे बिना पुलिस सत्यापन के किसी भी बाहरी व्यक्ति को काम पर न रखें, अन्यथा उनके विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी । सत्यापन के साथ-साथ पुलिस टीम द्वारा सभी को यात्रा के नियमों का पालन करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरुक भी किया गया। पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि यात्रा की मर्यादा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *