पुलिस महानिरीक्षक, साइबर/एसटीएफ, उत्तराखण्ड नीलेश आनन्द भरणें ने किया केदारनाथ धाम यात्रा तैयारियों का निरीक्षण ।

रुद्रप्रयाग | जनपद रुद्रप्रयाग में स्थित केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को खुलने हैं। चारधाम यात्रा को प्रारम्भ होने से पूर्व पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड महोदय के निर्देशन में उत्तराखण्ड के सभी चार धामों में यात्रा तैयारियों, ड्यूटी पर नियुक्त होने वाले पुलिस बल की आवासीय सहित बुनियादी सुविधाओं तथा प्रभावी सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के प्रभावी पर्यवेक्षण तथा इनका भौतिक रूप से निरीक्षण करने हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। केदारनाथ धाम से सम्बन्धित नोडल अधिकारी पुलिस महानिरीक्षक, साइबर/एसटीएफ उत्तराखण्ड नीलेश आनन्द भरणें ने जनपद सीमा सहित जवाड़ी से लेकर गौरीकुण्ड तक के रूट, यातायात, पार्किंग सहित पुलिस की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया है । श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर उन्होंने मंदिर परिसर की सुरक्षा सहित पुलिस चौकी भवन में पुलिस की आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। रजिस्ट्रेशन काउंटर से लेकर हेलीपैड व मंदिर परिसर तक प्रभावी पुलिस बल नियुक्त करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उन्होने केदारनाथ धाम में यात्रा व्यवस्था तथा बर्फ हटाने के कार्य में लगे प्रशासनिक अधिकारियों तथा मन्दिर सुरक्षा में तैनात आईटीबीपी और पुलिस जवानों से संवाद स्थापित वर्तमान में आ रही चुनौतियों की जानकारी ली गयी । गौरीकुण्ड क्षेत्रान्तर्गत सम्पूर्ण पैदल मार्ग सहित घोडा पड़ाव, शटल सर्विस, तप्त कुण्ड का निरीक्षण कर आवश्यक पुलिस प्रबन्धन करने के निर्देश दिए गए। चौकी गौरीकुण्ड में पुलिस की आवासीय सहित बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उपस्थित चौकी प्रभारी को गौरीकुण्ड क्षेत्रान्तर्गत प्रभावी पुलिस प्रबन्धन करने के निर्देश दिये गये। कोतवाली सोनप्रयाग तथा एसडीआरएफ कैम्प पहुंचकर वहां की पुलिस की आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सीतापुर व सोनप्रयाग स्थित पार्किग की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सुव्यवस्थित ढंग से वाहनों की एंट्री एवं एक्जिट कराये जाने के निर्देश दिये। प्रभारी निरीक्षक से पार्किंग व यातायात व्यवस्थाओं की जानकारी ली गयी। पुलिस महानिरीक्षक महोदय को पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने जनपद की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जनपद मुख्यालय से केदारनाथ धाम तक 3 सुपर जोन, 17 जोन और 47 सेक्टर में विभाजित किया गया है, तथा यातायात प्रबन्धन के लिए 2 सुपर जोन और 4 ट्रैफिक जोन बनाए गए हैं, साथ ही ट्रैफिक हॉक्स भी तैनात किये गये हैं। अतिरिक्त पुलिस बल की डिमांड की गयी है तथा वीवीआईपी ड्यूटी के तुरन्त बाद जनपद का पुलिस बल यात्रा पड़ावों पर ड्यूटीरत किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस बल एनडीआरएफ, पैरामिलिट्री फोर्सेज, बम निरोधक दस्ता और एंटी टेरर स्क्वॉड की टीमें जनपद को उपलब्ध होते ही ड्यूटीरत की जायेंगी । नोडल अधिकारी/पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान तकनीकों का उपयोग किया जाये। अफवाह इत्यादि फैलाने वालों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए प्रभावी कार्यवाही की जाये। हैलीकॉप्टर टिकटों के नाम पर होने वाली ठगी से बचाव के उपाय सहित सोशल मीडिया प्लेटफार्म की निगरानी रखी जाये तथा साइबर अपराधों के प्रति सार्थक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। पार्किंग का समुचित उपयोग कराया जाये। केदारनाथ यात्रा प्रारम्भ होने पर सोनप्रयाग/ सीतापुर पार्किंग से शटल पार्किंग सोनप्रयाग तक के मार्ग में लगने वाली लाइन व्यवस्था सुव्यवस्थित रखी जाये। यातायात व भीड़ नियंत्रण हेतु ड्रोन, सीसीटीवी का उपयोग करने के निर्देश दिये गये। यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ मृदु व्यवहार करने के साथ ही उनको यहां की बेसिक जानकारी, यात्रा मार्ग से सम्बन्धित जानकारी तथा जरूरी सामग्री यथा बरसाती, गर्म कपड़े साथ में ले जाने तथा मौसम सम्बन्धी जानकारी बताये जाने के निर्देश दिये। कर्तव्य निर्वहन के साथ-साथ पुलिस बल द्वारा श्रद्धालुओं की आवश्यक मदद, तकनीकों का प्रयोग यथा गूगल ट्रांसलेटर का उपयोग करते हुए बाहरी प्रदेशों के व्यक्तियों की भाषा समझकर उनकी यथासम्भव मदद करने के निर्देश दिये गये । इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सुश्री नीहारिका तोमर, पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुण्डीर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोनप्रयाग राकेन्द्र कठैत, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गुप्तकाशी राकेश कुमार, चौकी प्रभारी गौरीकुण्ड रघुवीर सिंह रावत सहित अधीनस्थ पुलिस बल उपस्थित रहा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *