कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के प्रयास से पीड़ित को मिले 15.50 लाख रुपये, जनसुनवाई में सुलझा भूमि विवाद

हल्द्वानी | जनसुनवाई में उठाए गए एक भूमि विवाद के मामले में कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत की पहल से पीड़ित को उसकी 15 लाख 50 हजार रुपये की रकम वापस मिल गई। जानकारी के अनुसार, आस्था विहार पॉलीशीट हल्द्वानी निवासी संजय जनोटी ने भीमताल के ग्राम ढूंगसील निवासी पुष्पा पांडे से भूमि खरीदने के लिए अनुबंध किया था। अनुबंध के तहत संजय जनोटी ने गूगल पे के माध्यम से 15.50 लाख रुपये की धनराशि पुष्पा पांडे के खाते में हस्तांतरित की थी । भूमि की रजिस्ट्री के दौरान रास्ते को लेकर विवाद सामने आने पर सौदा पूरा नहीं हो सका। इसके बाद संजय जनोटी ने अपनी धनराशि वापस मांगी, लेकिन रकम वापस नहीं मिलने पर उन्होंने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई । मामले की सुनवाई के दौरान आयुक्त दीपक रावत के निर्देश पर दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराई गई, जिसके बाद धनराशि वापस करने पर सहमति बनी। समझौते के तहत पुष्पा पांडे ने बैंक के माध्यम से पूरी 15 लाख 50 हजार रुपये की राशि संजय जनोटी के खाते में वापस भेज दी । राशि वापस मिलने पर संजय जनोटी ने आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी तत्परता और हस्तक्षेप से उन्हें न्याय मिला है। जनसुनवाई के माध्यम से विवाद का शांतिपूर्ण समाधान होने पर दोनों पक्षों ने संतोष जताया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *