हरिद्वार | भीमराव अंबेडकर जो कि आज सारी दुनिया में बाबा साहब के नाम से विख्यात है,जो भारतीय संविधान के निर्माता है। डॉ. भीमराव अंबेडकर जिनको संघर्ष, बुद्धिमता और दृढ निश्चय का प्रतीक माना गया है। उनका जीवन साहस संघर्ष और उत्थान का अद्भुत उदाहरण है। उनका योगदान भारतीय समाज को न केवल न्याय की दशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण रहा,बल्कि वैश्विक स्तर पर मानवाधिकारों और समानता के संदेश को फैलाने में भी उनका अमूल्य योगदान रहा है । बाबा साहब के कठिन प्रयासों ने पूरे भारत में सामाजिक न्याय और समानता की नई दिशाएं खोली । बाबा साहब का जन्म एक गरीब परिवार व ऐसे समाज में हुआ जहां जाति व्यवस्था के नाम पर उस समय काफी भेदभाव था। बचपन से ही उन्हें सामाजिक भेदभाव और अत्याचारों का सामना करना पड़ा किंतु अनेक चुनौतियों के बाद भी उनके अंदर आत्मविश्वास और स्वाधीनता की ज्योत जलती रही और उन्होंने अपना सफर निरंतर जारी रखा । बाबा साहब ने अपने जीवन काल में सामाजिक सुधार के लिए अटूट विश्वास रखा। उन्होंने जाति व्यवस्था, अन्याय और विभाजन के खिलाफ अपने संघर्ष को कभी कम नहीं होने दिया। बाबा साहब के लेखन,भाषण और विचारों ने लाखों लोगों को जागरूक और प्रभावित किया तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाया। उनकी सोच आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है जो समाज में आपसी सम्मान,समानता और सह-अस्तित्व की भावना को बढ़ावा देती है । उन्होंने अपने जीवन में कई विदेशी विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की जिससे उनके विचारों में नवाचार और व्यापक दृष्टिकोण विकसित हुआ। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान ने उन्हें ऐसा मुकाम दिलाया जहां वे न केवल सामाजिक अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज उठाने लगे बल्कि आधुनिक भारत के निर्माण में भी अपना एक महत्वपूर्ण योगदान दिया । बाबा साहब का सबसे महत्वपूर्ण योगदान भारतीय संविधान के निर्माण में रहा उन्होंने भारतीय संविधान को न केवल एक कानूनी दस्तावेज के रूप में बल्कि एक समाज सुधार के आदर्श के रूप में आकार देकर साकार किया। उनके विचारों में सामाजिक समानता न्याय और मानवाधिकारों की अहमियत झलकती है,जिसने देश के विकास के नए आयाम खोले। उनके द्वारा संविधान में दिए गए अधिकार और स्वतंत्रता के आयाम आज भी देश के नागरिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।उनके जीवन से हमें यह शिक्षा मिलती है कि यदि मन में इच्छा शक्ति और आदर्शों का संचार हो तो किसी भी बाधा को शिक्षा,संघर्ष और निरंतर प्रयासों के दम पर आसानी से पार किया जा सकता है। बाबा साहब के विचार आज भी हम लोगों में आत्म बल, सत्यनिष्ठा और प्रगति का संचार करते है ।
डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन हम सबके लिए प्रेरणादायक:- सचिन बेदी















Leave a Reply