हरिद्वार । हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के सचिव मनीष सिंह को उनके वर्तमान दायित्वों से पदमुक्त कर दिया गया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब वह अपनी मूल तैनाती के तहत सचिव झील विकास प्राधिकरण नैनीताल तथा महाप्रबंधक कुमाऊं मंडल विकास निगम के अतिरिक्त दायित्वों का निर्वहन करेंगे । मनीष सिंह के स्थानांतरण के बाद एचआरडीए में सचिव का पद फिलहाल रिक्त हो गया है। ऐसे में प्राधिकरण में नए सचिव की नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि शासन की ओर से अभी तक किसी अधिकारी की तैनाती संबंधी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है । मनीष सिंह का कार्यकाल एचआरडीए में कई महत्वपूर्ण अभियानों और विकास योजनाओं के लिए जाना जाता है। उनके नेतृत्व में अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई तेज की गई तथा बिना मानचित्र स्वीकृति के हो रहे निर्माण कार्यों पर प्रभावी अंकुश लगाने के प्रयास किए गए। इसके अलावा शहरी विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं को भी गति मिली । एचआरडीए सचिव बनने से पहले मनीष सिंह डिप्टी कलेक्टर और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली के चलते उन्हें एक सक्रिय अधिकारी के रूप में देखा जाता रहा है । अब प्राधिकरण में नए सचिव की नियुक्ति को लेकर अटकलें तेज हैं। सूत्रों के मुताबिक कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम इस पद के लिए चर्चा में हैं। माना जा रहा है कि शासन जल्द ही किसी सक्षम अधिकारी को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए नियुक्त कर सकता है, ताकि विकास कार्यों और लंबित परियोजनाओं की गति प्रभावित न हो । फिलहाल सभी की निगाहें शासन के अगले आदेश पर टिकी हैं, जो एचआरडीए के नए नेतृत्व की तस्वीर साफ करेगा ।
एचआरडीए सचिव मनीष सिंह पदमुक्त, नए सचिव की नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज |















Leave a Reply