रिपोर्ट – वंश शर्मा
हरिद्वार | नाबालिग बालक सन्दीप कुमार पुत्र दीपक कुमार, निवासी ग्राम मितायल, थाना भिवानी, जनपद भिवानी, हरियाणा अपने गांव के अन्य लड़कों के साथ कांवड़ लेने हरिद्वार आया था। वापस घर जाते समय वह अपने साथ आए लड़कों से बिछड़ गया | साथियों से बिछड़ने के बाद नाबालिग बालक रोते हुए थाना जीआरपी हरिद्वार के कार्यालय में पहुंचा। बालक द्वारा दी गई जानकारी से प्रभारी निरीक्षक जीआरपी हरिद्वार को अवगत कराया गया। प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर बालक को थाना कार्यालय में बैठाकर भोजन कराया गया तथा उसके साथ आए लड़कों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई । पूछताछ में बालक ने बताया कि उसके पास अपने साथ आए लड़कों का मोबाइल नंबर उपलब्ध नहीं है। इस पर प्रभारी निरीक्षक जीआरपी हरिद्वार के निर्देशानुसार रेलवे स्टेशन के पूछताछ केंद्र से उद्घोषणा (अनाउंसमेंट) कराई गई। साथ ही बालक के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी गई तथा उसके साथ आए लड़कों के मोबाइल नंबर प्राप्त करने का प्रयास किया गया । काफी प्रयास के बाद एक साथी के मोबाइल नंबर पर संपर्क स्थापित हुआ, जिसके माध्यम से बालक के सकुशल जीआरपी थाने में होने की जानकारी दी गई। कुछ समय पश्चात बालक के चाचा अजीत पुत्र चेतराम, निवासी मितायल, थाना भिवानी, जनपद भिवानी, हरियाणा थाना कार्यालय पहुंचे। आवश्यक सत्यापन एवं कार्रवाई के उपरांत नाबालिग बालक को सकुशल उनके सुपुर्द किया गया तथा नियमानुसार सुपुर्दगीनामा तैयार किया गया । बालक के परिजनों द्वारा जीआरपी हरिद्वार पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता एवं मानवीय कार्यशैली की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई ।
















Leave a Reply