उत्तराखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, 20 लाख से अधिक नोटिस पहुंचे मतदाताओं तक |

देहरादून | उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने की प्रक्रिया तेज गति से जारी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी । उन्होंने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के नोटिस चरण में अब तक निर्धारित 24 लाख 30 हजार नोटिसों के मुकाबले 20 लाख 27 हजार नोटिस मतदाताओं तक पहुंचाए जा चुके हैं। शेष नोटिस भी जल्द वितरित किए जा रहे हैं ताकि सभी पात्र मतदाताओं को समय पर सूचना मिल सके । मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई से 5 अगस्त तक चल रहे दावा एवं आपत्ति चरण में बीते 20 दिनों के दौरान फॉर्म-6 के 57 हजार, फॉर्म-7 के 22 हजार 668 तथा फॉर्म-8 के 26 हजार 145 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण और निस्तारण किया जा रहा है । उन्होंने कहा कि अभियान को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है। विधानसभा स्तर पर निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ), जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) तथा प्रदेश स्तर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं । डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि नोटिसों की सुनवाई के लिए सक्षम अधिकारी लगातार फील्ड विजिट कर रहे हैं। मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पहले ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के घर जाकर नोटिसों की सुनवाई सुनिश्चित की जाए । प्रेस वार्ता में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *