मसूरी को मिली 17.80 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात |

देहरादून | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुण्डीर की स्मृति में निर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं मसूरी क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य को पर्यटन, खेल और एडवेंचर गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण, मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक सड़क का उच्चीकरण, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाएं, ग्रामीण विद्युतीकरण तथा बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य तेजी से संचालित किए जा रहे हैं । मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और दंगाइयों से सार्वजनिक संपत्ति की क्षति की भरपाई जैसे सख्त कानून लागू कर सुशासन को मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार मिला है । स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए स्टार्टअप नीति, एक जनपद-दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखण्ड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहलें युवाओं के लिए नए अवसर सृजित कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखण्ड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े । इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं । कार्यक्रम में श्रीमती ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, वीर सिंह चौहान, नेहा जोशी, सीमा पुंडीर, लक्ष्मण सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *