देहरादून । भाजपा संगठन ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर हरिद्वार रोड स्थित कुंआवला में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति के गुर बताए । राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि अब एक-एक बूथ और एक-एक वोट पर फोकस कर आगे बढ़ना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के लिए वातावरण बहुत अच्छा और अनुकूल है। प्रदेश की जनता हमें वोट करना चाहती है, हमें उनके वोट को सुनिश्चित कर मतदान केंद्र तक पहुंचाना है। उन्होंने संकल्प दिलाते हुए कहा कि हमें अब तक की सबसे अधिक विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करनी है और उत्तराखंड को भाजपा का अभेद दुर्ग बनाना है । तरुण चुग ने एसआईआर की संवैधानिक प्रक्रिया में सहभागिता करने और मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया देश के पक्ष में है और जहां-जहां यह हुई है वहां भगवा लहराया है। बिहार, असम और बंगाल में भाजपा का प्रदर्शन इसका प्रमाण है । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने “जहां कम वहां हम” के संकल्प पर सभी कार्यकर्ताओं से अपनी संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व की उम्मीद के अनुसार प्रदेश में महाविजय दिलाने के लिए चुनावी प्रबंधन की कुशलता को और अधिक प्रभावी बनाना होगा। इसके लिए सबसे पहली सीढ़ी सही मतदाता सूची है। इसके लिए बीएलओ 2 के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर वोट सुनिश्चित करवाना है।
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि त्रुटिहीन मतदाता सूची बनाने का अर्थ है कोई पात्र वोटर न कटे और अपात्र न बचे। एक जिम्मेदार राजनीतिक दल के रूप में हमें इस संवैधानिक प्रक्रिया में सहयोग करना है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि प्रदेश के वोटर ही प्रदेश की सरकार का चयन करें । बैठक में एसआईआर टीम के केंद्रीय सदस्य जमयांग त्सेरिंग नामग्याल ने प्रक्रिया को विस्तार से समझाया और राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में सहयोग की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने संगठनात्मक कार्यवाही के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया । बैठक में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कल्पना सैनी, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, मदन कौशिक, गणेश जोशी, खजान दास, सौरभ बहुगुणा, राम सिंह कैडा, भरत चौधरी, प्रदीप बत्रा, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, विनोद कंडारी, प्रेमचंद अग्रवाल, आदेश चौहान, सहदेव पुंडीर, बृजभूषण गैरोला सहित प्रदेश पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने किया ।













Leave a Reply