सीएम धामी ने दी ₹99 करोड़ की स्वीकृति, स्वास्थ्य, सड़क और विकास कार्यों को मिली रफ्तार |

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपदों में विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल ₹99 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है । मुख्यमंत्री ने जनपद नैनीताल के रामनगर के अंतर्गत ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के ऑटोमेशन के निर्माण हेतु ₹3.68 करोड़, कोषागार रूद्रप्रयाग के अनावासीय भवन की मरम्मत, रंग-रोगन, टाइलिंग, पैनलिंग आदि के अनुरक्षण एवं विद्युतीकरण के लिए ₹38.06 लाख, पुलिस संचार प्रशिक्षण केन्द्र धौरणखास देहरादून में एसटीपी प्लांट 150 केएलडी के निर्माण एवं साइट विकास के लिए ₹2.73 करोड़ तथा बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन की स्थापना के लिए ₹9.45 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की । विधानसभा क्षेत्र चम्पावत में ककराली टनकपुर से मां पूर्णागिरी धाम तक यात्रा मार्ग में स्ट्रीट लाइट लगाए जाने हेतु ₹5.00 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹2.00 करोड़ दिए जाएंगे। जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट में लोहारगांव में आंतरिक संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए ₹70.87 लाख स्वीकृत करते हुए प्रथम किश्त में ₹42.52 लाख की मंजूरी दी गई । चम्पावत में जवाहर नवोदय विद्यालय लटौली में छात्र-छात्राओं के व्यायाम हेतु ओपन जिम के निर्माण के लिए ₹99.44 लाख स्वीकृत हुए, जिसमें प्रथम किश्त ₹59.66 लाख होगी। जनपद पौड़ी के विधानसभा क्षेत्र यमकेश्वर में जानकी पुल से चौरासी कुटिया तक संपर्क मार्ग को बीटल्स स्ट्रीट के रूप में विकसित करने के लिए ₹85.74 लाख स्वीकृत करते हुए प्रथम किश्त में ₹51.44 लाख दिए जाएंगे। जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला में ग्राम उच्छैदी नंदा मंदिर से खोली बन तक पैदल मार्ग निर्माण के लिए ₹81.43 लाख स्वीकृत करते हुए प्रथम किश्त ₹48.85 लाख मंजूर की गई । जनपद चम्पावत के लोहाघाट के ग्राम पंचायत डुंगरीफर्तयाल में शिव मंदिर सौंदर्यीकरण के लिए ₹75.00 लाख स्वीकृत करते हुए प्रथम किश्त ₹45.00 लाख दी जाएगी। जनपद बागेश्वर के कपकोट की सरयू वैली एवं शामा क्षेत्र में विद्युत सब स्टेशन स्थापना हेतु ₹5.00 करोड़ स्वीकृत करते हुए प्रथम किश्त ₹2.00 करोड़ दी गई। चम्पावत में मां पूर्णागिरि धाम के सेलागाड गांव में इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य के लिए ₹19.68 लाख तथा जनपद नैनीताल के भीमताल के ओखलकांडा ब्लॉक के ग्राम सभा कैडागांव के कैडाकोट बुग स्थल एवं धारी के मौनीबाग आश्रम में एक-एक धर्मशाला निर्माण हेतु ₹87.95 लाख स्वीकृत करते हुए प्रथम किश्त ₹52.77 लाख दी गई । मुख्यमंत्री ने राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के गोल्डन कार्ड के सुचारू संचालन एवं लंबित देयकों के भुगतान हेतु राज्य बजट से ₹75.00 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की । इसके साथ ही ग्रामीण निर्माण विभाग के अंतर्गत राज्य योजना, मुख्यमंत्री घोषणा, नाबार्ड योजनांतर्गत विभिन्न सड़क एवं ट्रस पुल निर्माण के लिए प्रथम किश्त में ₹137.60 लाख स्वीकृत किए। इसमें जनपद चमोली के विकासखण्ड नंदानगर की ग्राम पंचायत गोखमल्ला में अनुसूचित जाति बस्ती बगड गधेरे में पैदल पुलिया निर्माण के लिए ₹47.03 लाख, देवाल के मुन्दोली वाण मोटर मार्ग के वाण से भराण गांव मोटर मार्ग के सतह पुनर्लेपन एवं सुधारीकरण के लिए ₹43.36 लाख तथा जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखण्ड यमकेश्वर की ग्राम पंचायत सीला में सतेड़ खासन नदी पर बनसारी गांव के पास 30 मीटर स्पान स्टील ट्रस पैदल पुल निर्माण के लिए ₹47.21 लाख शामिल हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *