शराब के ठेके के बाहर फायरिंग तीन आरोपी गिरफ्तार बिजनौर की पुरानी रंजिश निकली वजह |

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में रिंग रोड स्थित शराब की कैंटीन के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना की जड़ उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान हुआ पुराना विवाद था। मुख्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं । पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई की रात करीब 9 बजे बंजारावाला निवासी दिवाकर खंडूरी अपने दोस्तों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ शराब के ठेके के बाहर खड़े थे। इसी दौरान 3-4 युवक वहां पहुंचे और पिस्टल से दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से नवीन राणा के कंधे और वहां से गुजर रहे कामेंद्र शर्मा के पैर में चोट लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया । पीड़ित की तहरीर के आधार पर रायपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के बाद पुलिस को घटना के पीछे बिजनौर निवासी अक्षय प्रधान और उसके साथियों की भूमिका का पता चला । जांच के दौरान पुलिस ने देहरादून के थानो रोड स्थित सोढा सरोली क्षेत्र से तीन आरोपियों अरुण कुमार, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान बिजनौर के कीरतपुर का रहने वाला है और उसी के नेतृत्व में वारदात को अंजाम दिया गया । पुलिस के मुताबिक, बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान अक्षय प्रधान और कामेंद्र शर्मा के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही थी। आरोप है कि अक्षय प्रधान और उसके साथी कामेंद्र शर्मा के दोस्त अक्षय (जो गुरुग्राम में रहता है) को लगातार फोन पर धमकी और गाली-गलौज कर रहे थे। इसी विवाद के चलते दोनों पक्ष 6 नंबर पुलिया के पास आमने-सामने आए, जहां कहासुनी के बाद फायरिंग हो गई। इस दौरान चली गोलियां कामेंद्र शर्मा और नवीन राणा को लग गईं । एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की घटना हुई थी। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *