बरसात से पहले सड़क निर्माण कार्य पूरे करें, लापरवाही पर ठेकेदार बदलें: कैबिनेट मंत्री

देहरादून | कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत प्रस्तावित एवं संचालित मोटर मार्ग निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों के साथ विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई । समीक्षा के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने क्यारा-धनौल्टी मार्ग, गढ़-बुरांसखण्डा मार्ग तथा मोटीधार-मसराना-लोहारीगढ़ मार्ग सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात शुरू होने से पहले सभी आवश्यक सड़क कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े । कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी परियोजना में ठेकेदार कार्य नहीं कर रहा है तो उसका अनुबंध समाप्त कर नियमानुसार किसी अन्य एजेंसी से कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी । बैठक में अधिकारियों ने बताया कि क्यारा-धनौल्टी मार्ग का शासनादेश जारी हो चुका है। इस पर मंत्री गणेश जोशी ने जुलाई के प्रथम सप्ताह में वन विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सर्वे कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी लंबित सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए । बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, वन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *