पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर लापता पर्यटक की खोज में रेस्क्यू अभियान तेज; पुलिस और पिण्डर नदी एवं खाती गॉव के जंगलो में चलाया अत्यंत सघन चेकिंग अभियान |

बागेश्वर | पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (IPS) के कुशल एवं दिशा-निर्देशन में पिंडारी ग्लेशियर ट्रेकिंग रूट पर लापता हुए पर्यटक की सुरक्षित व सकुशल खोजबीन के लिए बागेश्वर पुलिस का महा-रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी आक्रामकता से जारी है। इस संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना कपकोट में मु०अ० सं०- 38/2026, धारा 140(3) बी०एन०एस० (BNS) बनाम अज्ञात पंजीकृत कर गहन विवेचनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है | इसी अभियान के क्रम में पुलिस और संयुक्त रेस्क्यू टीमों ने अत्यंत दुर्गम रास्तों, खड़ी खाइयों और विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों की परवाह न करते हुए नदी एवं खाती पुल के उपर जंगलो में सघन चेकिंग अभियान चलाया। टीमों द्वारा खाती लकड़ी पुल से ऊपर की तरफ पिंडर नदी के तटों, घने जंगलों और प्राकृतिक गुफाओं, खतरनाक ढलानों और मुख्य ट्रेकिंग मार्ग के आस-पास के पूरे रास्तों को पूरी तरह ड्रोन कैमरे से खंगाला गया । दुर्घटना की आशंका वाले डेंजर ज़ोन, गहरी खाइयों और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू टीमों ने अपनी जान जोखिम में डालकर तलाशी अभियान चलाया ताकि गुमशुदा पर्यटक का कोई भी सुराग मिल सके। लापता पर्यटक के संबंध में किसी भी प्रकार की मैन्युअल लीड हासिल करने के लिए पुलिस टीमों द्वारा उच्च हिमालयी क्षेत्रों के स्थानीय ग्रामीणों, पशुपालकों और अनुभवी ट्रेकिंग गाइडों से लगातार पूछताछ कर खुफिया जानकारियां जुटाई जा रही हैं । बागेश्वर पुलिस लापता पर्यटक को सकुशल ढूंढने के लिए हर संभव अत्याधुनिक, तकनीकी और मैन्युअल प्रयास कर रही है। पुलिस अधीक्षक स्वयं इस पूरे सर्च ऑपरेशन की पल-पल की रिपोर्ट ले रहे हैं और उसकी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *