बावन सीढ़ी गेट विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा, अब पार्षदों ने भी खोला मोर्चा |

अल्मोड़ा । बावन सीढ़ी धारानौला के पास स्थित मुख्य गेट को बंद किए जाने का विवाद लगातार गहराता जा रहा है। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद अब नगर निगम के पार्षद भी इस मुद्दे पर खुलकर सामने आ गए हैं। विभिन्न वार्डों के पार्षदों एवं क्षेत्रवासियों ने संयुक्त रूप से महापौर और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर जनहित में गेट को तत्काल पुनः खोलने की मांग की है । ज्ञापन में कहा गया है कि नरसिंह बाड़ी, डूबकिया, राजपुर और नियाजगंज क्षेत्र के लोगों के लिए बावन सीढ़ी के पास स्थित यह गेट मुख्य आवागमन मार्ग है। गेट बंद होने के कारण विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है। आपातकालीन परिस्थितियों में भी यह स्थिति गंभीर समस्या बन सकती है । पार्षदों और क्षेत्रवासियों ने अपने ज्ञापन में नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए बंद गेट को शीघ्र खोलने की कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यह मार्ग वर्षों से लोगों की सुविधा का प्रमुख रास्ता रहा है और इसे बंद रखना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है । उल्लेखनीय है कि बावन सीढ़ी गेट को लेकर विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। पहले स्थानीय नागरिकों ने इसका विरोध किया था और अब नगर निगम के पार्षदों ने भी इस मुद्दे पर मोर्चा खोल दिया है। ऐसे में गेट को लेकर नगर निगम प्रशासन पर समाधान निकालने का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *