अल्मोड़ा से 40 श्रद्धालुओं का दल सोमनाथ स्वाभिमान पर्व विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा के लिए रवाना |

अल्मोड़ा | उत्तराखण्ड सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026” के तहत रविवार रात अल्मोड़ा से 40 चयनित श्रद्धालुओं का दल देहरादून के लिए रवाना हुआ। अल्मोड़ा रोडवेज बस स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट तथा मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर शुभ यात्रा के लिए रवाना किया । अल्मोड़ा से रवाना हुए श्रद्धालु देहरादून पहुंचेंगे, जहां प्रदेश के सभी 13 जनपदों से चयनित 40-40 श्रद्धालु एकत्र होंगे। इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे। इस अवसर पर उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों से पवित्र जल से भरे जल कलश भी सोमनाथ धाम भेजे जाएंगे । राज्य सरकार की इस विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा के तहत हर्रावाला से सोमनाथ तक यात्रियों के लिए वातानुकूलित (एसी) रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन की संपूर्ण व्यवस्था निःशुल्क की गई है । इस यात्रा में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, युवा पेशेवरों, स्वयंसेवकों, सीमांत क्षेत्रों के नागरिकों, कलाकारों, स्ट्रीट वेंडरों, गिग वर्कर्स, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तथा अन्य जनसेवा से जुड़े लोगों को शामिल किया गया है। राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के विविध वर्गों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना तथा राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *