आपदा प्रबंधन दिवस पर जनपद के नौ स्थानों पर आयोजित हुई मॉक ड्रिल में रुद्रप्रयाग पुलिस ने किया सक्रिय प्रतिभाग ।

रुद्रप्रयाग | भूकंप, भूस्खलन, अग्निकांड एवं सड़क दुर्घटनाओं के काल्पनिक परिदृश्यों में पुलिस, एसडीआरएफ एवं अन्य विभागों की टीमों ने संयुक्त रूप से चलाए राहत एवं बचाव अभियान । मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशों एवं जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा व पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के मार्गदर्शन में आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर जनपद के नौ अलग-अलग स्थानों पर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। मॉक ड्रिल में रुद्रप्रयाग पुलिस ने एसडीआरएफ, फायर सर्विस, स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन एवं अन्य सम्बन्धित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय सहभागिता की । मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप, भूस्खलन, अग्निकांड, सड़क दुर्घटना एवं भारी वर्षा जैसी विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों के काल्पनिक परिदृश्य तैयार किए गए। इन परिस्थितियों में पुलिस एवं अन्य बचाव दलों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान संचालित किए तथा प्रभावितों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया । राजकीय इंटर कॉलेज चंद्रनगर में भूकंप से विद्यालय भवन क्षतिग्रस्त होने के परिदृश्य में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में भूकंप के कारण शॉर्ट सर्किट से आग लगने की स्थिति में फायर सर्विस एवं पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया । काकड़ागाड़ (कुंड डैम के समीप) में भारी वर्षा, मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने एवं भूस्खलन से वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की स्थिति में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। जवाड़ी बाईपास पर पहाड़ी से मलबा एवं पत्थर गिरने से वाहन दबने तथा रैतोली पेट्रोल पंप के समीप टेंपो ट्रैवलर पलटने के काल्पनिक घटनाक्रम में भी पुलिस एवं बचाव टीमों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया।

भटवाड़ी सैण में भूकंप से आटा मिल भवन क्षतिग्रस्त होने, राजकीय इंटर कॉलेज तिमली बड़मा में भूस्खलन एवं पेड़ गिरने तथा राजकीय इंटर कॉलेज फाटा में भूकंप से विद्यालय भवन क्षतिग्रस्त होने के परिदृश्यों में पुलिस एवं रेस्क्यू टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान संचालित किए । इसी क्रम में छेनागाड़ के ग्राम तालजामण में भारी वर्षा के कारण भूस्खलन से आवासीय भवन क्षतिग्रस्त होने, संपर्क मार्ग बाधित होने एवं लोगों के मलबे में फंसे होने की स्थिति में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रभावितों को सुरक्षित निकालने, घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने, लापता व्यक्तियों की खोजबीन तथा प्रभावित परिवारों के लिए राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने का अभ्यास किया गया । मॉक ड्रिल के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, जल पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, वन विभाग, सेना, आपदा मित्रों एवं क्यूआरटी टीमों ने आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया। सभी टीमों ने त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित रेस्क्यू, घायलों को प्राथमिक उपचार एवं अस्पताल पहुंचाने सहित विभिन्न आपातकालीन व्यवस्थाओं का अभ्यास किया । जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से जनपद के सभी नौ घटनास्थलों पर संचालित मॉक ड्रिल की निगरानी की गई तथा सम्बन्धित अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए । उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी जिला प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में जनपद के 56 स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी। इन अभ्यासों का उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की तैयारियों, संसाधनों की उपलब्धता एवं आपसी समन्वय को परखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाना है । रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील जनपद में किसी भी आपातकालीन परिस्थिति के दौरान धैर्य बनाए रखें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। आपदा की सूचना तत्काल संबंधित विभागों को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *