वैदिक मंत्रों की गूंज के बीच जन्मशताब्दी समारोह से पूर्व श्रद्धेया शैलदीदी ने किया समाधि स्थल का विशेष पूजन |

हरिद्वार | वैदिक मंत्रों की गूंज, हजारों पीतवस्त्रधारी परिजनों की उपस्थिति और श्रद्धा से सराबोर वातावरण के बीच जन्मशताब्दी समारोह के द्वितीय चरण के दूसरे पुष्प का शुक्रवार को समाधि स्थल का विशेष पूजन का क्रम हुआ । इसके साथ ही साहित्य स्टॉल एवं भव्य प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। देश-विदेश से पहुँचे साधकों की विशाल उपस्थिति ने आयोजन को विराट स्वरूप प्रदान किया । कार्यक्रम का आरंभ गायत्री परिवार के संस्थापकद्वय की पावन समाधि के प्रतीक ‘प्रखर प्रज्ञा-सजल श्रद्धा’ के पूजन से हुआ। श्रद्धेया शैलदीदी सहित वरिष्ठजनों ने विधिपूर्वक पूजन-अर्चन किया। इसके बाद सैकड़ों पीतवस्त्रधारी भाई-बहनों ने एक स्वर में वैदिक मंत्रों का सस्वर पाठ किया। सामूहिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा और वातावरण आध्यात्मिक चेतना से भर गया । इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रमुख श्रद्धेया शैलदीदी ने अपने संदेश के माध्यम से उपस्थित परिजनों का मार्गदर्शन किया। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन और सामूहिक साधना के साथ आरंभ हुए समारोह ने आगामी कार्यक्रमों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह से परिपूर्ण वातावरण निर्मित कर दिया । जन्मशताब्दी समारोह के द्वितीय चरण के दूसरे पुष्प में सहभागिता के लिए देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में परिजन हरिद्वार पहुँचे हैं। अनुशासित पंक्तियों में पीतवस्त्रधारी साधकों की उपस्थिति ने सामूहिक साधना, संगठन और समर्पण की भावना को साकार किया। इस अवसर पर जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या, महिला मंडल प्रमुख श्रीमती शैफाली पण्ड्या सहित गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में परिजन उपस्थित रहे । समारोह के पूर्व दिवस पर पूरा परिसर श्रद्धा, अनुशासन और सामूहिक चेतना के रंग में रंगा नजर आया। जन्मशताब्दी वर्ष के संकल्पों को आगे बढ़ाने के भाव के साथ परिजनों में सेवा, साधना और युग निर्माण के प्रति नया उत्साह दिखाई दिया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *