गोपेश्वर | दिनांक 19 अक्टूबर 2026 की रात्रि लगभग 21:30 बजे फायर स्टेशन गोपेश्वर को डिग्री कॉलेज के निकट स्थित एक कैफे की रसोई में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर यूनिट गोपेश्वर तत्काल मोटर फायर इंजन के साथ घटनास्थल पर पहुंची । मौके पर कैफे की रसोई में लगी ग्रिल्ड मशीन में भीषण आग धधक रही थी तथा पूरे क्षेत्र में धुआं फैल रहा था । फायर यूनिट द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मोटर फायर इंजन से होज रील फैलाकर पंपिंग के माध्यम से आग पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया और आग को आसपास फैलने से रोका गया। इस दौरान रसोई में अत्यधिक धुआं भरा होने के बावजूद फायर कर्मियों ने साहस एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए वहां रखे 03 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे संभावित विस्फोट और बड़ी अग्निदुर्घटना को टाल दिया गया । यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आग आसपास स्थित आवासीय भवनों तक फैल सकती थी, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होने की आशंका थी। आग से ग्रिल्ड मशीन, वायरिंग एवं अन्य सामान क्षतिग्रस्त हुआ है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई । फायर यूनिट गोपेश्वर की त्वरित कार्रवाई, तत्परता एवं जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में साहसिक प्रयासों की घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने सराहना की ।
गोपेश्वर में कैफे में लगी भीषण आग पर फायर सर्विस ने पाया काबू, 03 व्यावसायिक गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकालकर टाला बड़ा हादसा |
















Leave a Reply