वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में आगामी त्योहारी सीजन के दृष्टिगत टिहरी पुलिस का फ्लैग मार्च |

टिहरी | आगामी त्योहारी सीजन एवं नवरात्र पर्व के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त की गई । इस दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही अतिक्रमण हटाने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा अवैध पार्किंग के विरुद्ध कार्रवाई की गई । फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस द्वारा प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। साथ ही, त्योहारी सीजन के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए । बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण हटवाते हुए व्यापारियों को निर्धारित स्थान पर ही सामान रखने तथा सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के चालान किए गए तथा वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने के निर्देश दिए गए । इसके अतिरिक्त, बाजार क्षेत्रों में तंबाकू उत्पादों की बिक्री के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा व्यापारियों एवं आमजन से त्योहारी सीजन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई । फ्लैग मार्च के दौरान प्रशिक्षु रिक्रूट कांस्टेबलों को पुलिस प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं दैनिक ड्यूटी के निर्वहन के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए । टिहरी पुलिस की अपील: आगामी त्योहारी सीजन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग करें। बाजारों में अतिक्रमण न करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *