उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच का विशाल प्रादेशिक सम्मेलन शुरू, शहीदों के परिजनों और आंदोलनकारियों का सम्मान |

देहरादून नगर निगम टाउन हॉल सभागार में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के दो दिवसीय प्रादेशिक सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। सम्मेलन के प्रथम सत्र में प्रदेशभर से पहुंचे राज्य आंदोलनकारियों ने उत्साह और जोश के साथ प्रतिभाग किया । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री खजानदास रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता मंच के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी ने की, जबकि संचालन जिलाध्यक्ष प्रदीप कुकरेती ने किया । प्रमुख वक्ता के रूप में जय प्रकाश उत्तराखंडी ने राज्य आंदोलन के संघर्ष, आंदोलनकारियों की भूमिका और राज्य निर्माण के उद्देश्यों पर अपने विचार रखे । इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर बलिदानियों के परिजनों तथा आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया । वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। आंदोलनकारियों और शहीदों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता । सम्मेलन में उपस्थित आंदोलनकारियों और लोगों ने राज्य आंदोलन की स्मृतियों को साझा करते हुए आंदोलन के मूल उद्देश्यों और वर्तमान उत्तराखंड की परिस्थितियों पर भी चर्चा की। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए आंदोलनकारियों की मौजूदगी रही । मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि दो दिवसीय प्रादेशिक सम्मेलन में राज्य आंदोलनकारियों से जुड़े विभिन्न विषयों, समस्याओं और मांगों पर मंथन किया जाएगा तथा आगे की रणनीति पर भी चर्चा होगी ।

जोश और जुनून के साथ उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच का दो दिवसीय प्रादेशिक सम्मेलन लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *