ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत बद्रीनाथ पुलिस का डबल एक्शन, 25 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार तो मंदिर परिसर में असभ्य हरकत करने वाले तीन युवक भी चढ़े पुलिस के हत्थे |

चमोली | बद्रीनाथ धाम की पवित्रता एवं चारधाम यात्रा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली बद्रीनाथ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है । क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने भृगुधारा गुफा जाने वाले पैदल मार्ग पर घेराबंदी करते हुए अभियुक्त सुरेन्द्र सिंह पुत्र स्व. मंगल सिंह, उम्र लगभग 75 वर्ष, निवासी ग्राम भृगुधारा, थाना बद्रीनाथ, जनपद चमोली को 25 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया । अभियुक्त के कब्जे से बरामद 25 लीटर अवैध कच्ची शराब को कब्जे में लेकर उसके विरुद्ध थाना बद्रीनाथ पर मु0अ0सं0 10/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है तथा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है ।

2- इसी क्रम में पुलिस टीम द्वारा मंदिर परिसर के समीप पंजाब निवासी तीन युवकों को सार्वजनिक स्थान पर असभ्य एवं अशोभनीय हरकतें करते हुए पाया गया। श्रद्धालुओं की आस्था एवं धाम की गरिमा को देखते हुए तीनों युवकों को तत्काल कोतवाली लाया गया तथा उनके विरुद्ध पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *