तेज रिस्पॉन्स, त्वरित कार्यवाही: चंद मिनट में मौके पर पहुंची पुलिस, फायर व एसडीआरएफ टीम, यातायात सुचारू एस.पी. संचार रेवाधर मठपाल ने कंट्रोल रूम से स्वयं संभाली कमान, कुमाऊँ कमिश्नर ने सराहा रिस्पॉन्स टाइम |

नैनीताल | 112 आपातकालीन सेवा के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि *रूसी बाईपास बल्दियाखान के पास हल्द्वानी रोड पर एक विशाल पेड़ गिर जाने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है | सूचना प्राप्त होते ही पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा तत्काल संबंधित इकाइयों को अलर्ट किया गया । एस.पी. संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल ने स्वयं कंट्रोल रूम से पूरे ऑपरेशन की कमान संभालते हुए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया तथा लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग की । सूचना मिलते ही कोतवाली तल्लीताल पुलिस टीम, फायर सर्विस मल्लीताल तथा एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। साथ ही फाइटर- मल्लीताल की टीम को भी घटनास्थल भेजा गया तथा आपदा कंट्रोल रूम को भी सूचना देकर आवश्यक समन्वय स्थापित किया गया । महज 15 मिनट के भीतर पुलिस, फायर एवं एसडीआरएफ की संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और राहत एवं मार्ग खोलने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया । टीमों की त्वरित कार्रवाई के चलते लगभग आधे घंटे के भीतर मार्ग को वन-वे यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया । कोतवाली तल्लीताल मोबाइल द्वारा कंट्रोल रूम को सूचित किया गया कि अवरुद्ध मार्ग को सफलतापूर्वक वन-वे यातायात हेतु खोल दिया गया है जिससे यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को राहत मिली । इस त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई पर कुमाऊँ कमिश्नर दीपक रावत ने कंट्रोल रूम, कोतवाली तल्लीताल पुलिस, एवं फायर की बेहतरीन रिस्पॉन्स टाइम और प्रभावी समन्वय की सराहना करते हुए टीमों की कार्यकुशलता की प्रशंसा की ।

*नैनीताल पुलिस आपदा अथवा किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता हेतु 24×7 तत्पर है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *