डीएम अंशुल सिंह का बड़ा एक्शन रानीखेत अस्पताल में जल्द शुरू होगी डायलिसिस सुविधा खराब एक्स-रे मशीन भी तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश |

अल्मोड़ा | जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को गोविंद सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय, रानीखेत का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा व्यवस्थाओं और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, आकस्मिक ड्यूटी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, दवा भंडार, प्लास्टर रूम सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया । इस दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने व्हीलचेयर और स्ट्रेचर की उपलब्धता के साथ ही साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। पीडियाट्रिक एनआईसीयू में भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ जनरल वार्ड के मरीजों से भी उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की । जिलाधिकारी ने रेफर रजिस्टर का अवलोकन करते हुए अनावश्यक रेफरल पर रोक लगाने और मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने जन औषधि केंद्र को नियमित संचालित करने तथा खराब डिजिटल एक्स-रे मशीन को तत्काल ठीक कर शुरू कराने के निर्देश दिए । उन्होंने अस्पताल में डायलिसिस सुविधा जल्द शुरू करने के लिए आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूरी करने को कहा। इसके अलावा मरीजों की उपचार हिस्ट्री को चरणबद्ध तरीके से डिजिटल स्वरूप में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए ।निरीक्षण के बाद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ बैठक में उन्होंने मरीजों को समयबद्ध उपचार देने तथा उनके प्रति संवेदनशील और मानवीय व्यवहार अपनाने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार वर्मा सहित अन्य चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *