मल्लीताल पुलिस और फायर ब्रिगेड का मानवीय चेहरा: गहरी खाई में गिरे झारखंड के युवक को सकुशल रेस्क्यू कर दी नई जिंदगी |

मल्लीताल | मल्लीताल कोतवाली और फायर ब्रिगेड की संयुक्त टीम ने आज अपनी त्वरित कार्रवाई और अदम्य साहस का परिचय देते हुए एक युवक की जान बचाई। डीएसबी परिसर के पास अत्यधिक गहरी खाई में गिरे एक युवक को टीम ने विपरीत परिस्थितियों के बीच सकुशल बाहर निकाला।

*घटना का विवरण:-*
पुलिस कंट्रोल रूम को आज सायं सूचना मिली कि डीएसबी परिसर के समीप एक व्यक्ति अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही दिनेश चंद्र जोशी प्रभारी कोतवाली मल्लीताल के नेतृत्व में मल्लीताल पुलिस और फायर सर्विस की टीम बिना वक्त गंवाए रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची । गहरी खाई अंधेरे और बेहद चुनौतीपूर्ण रास्तों के बावजूद रेस्क्यू टीम के जांबाजों ने सूझबूझ से काम लिया। टीम ने रस्सी और अन्य उपकरणों के सहारे खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मामले की जांच करने पर पाया कि युवक अत्यधिक शराब के नशे में था, जिस कारण संतुलन बिगड़ने से वह हादसे का शिकार हो गया ।

*युवक की पहचान:-*
रेस्क्यू किए गए युवक के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी शिनाख्त हेरमन ठिठियो (उम्र लगभग 35 वर्ष), पुत्र अंतोनिस ठिठियो, निवासी: डुम्बरपाठ, गुरदरी, गुमला, झारखंड के रूप में हुई है। युवक कुछ वर्षों से तल्लीताल क्षेत्र से लोकभवन तिराहे पर स्थित चर्च में काम करता था । खाई से सुरक्षित निकालने के बाद युवक को पुलिस वाहन द्वारा तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका प्राथमिक उपचार किया गया । डॉक्टरों के अनुसार युवक अब पूरी तरह सुरक्षित है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। पुलिस द्वारा युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है ।

*रेस्क्यू टीम में*
*1.* श्री दिनेश चंद्र जोशी, प्रभारी कोतवाली मल्लीताल।
*2.* कानि0 अरविंद चंद।
*3.* कानि0 शाहिद।
*4.* कानि0 चीता मोबाइल सुखदेव।
*5.* कानि0 विजेंद्र धामी।
साथ ही मल्लीताल फायर स्टेशन की टीम रहे।

स्थानीय नागरिकों और प्रत्यक्षदर्शियों ने मल्लीताल पुलिस व फायर ब्रिगेड की इस त्वरित, साहसिक और संवेदनशीलता से भरी कार्रवाई की जमकर सराहना की है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *